विकासनगर में खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी, पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले हैं और जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से उन्हें पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा खाटू श्याम के भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठानों और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि बाबा श्याम प्रत्येक श्रद्धालु के हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य आयोजन सभी भक्तों के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि वे जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ उत्तराखंड की सेवा करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कौशल के साथ-साथ समर्पण भी अत्यंत आवश्यक है। यदि कोई भी कार्य पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ किया जाए, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में जो कुछ भी घटित होता है, वह ईश्वर की कृपा से ही संभव होता है।

See also  जसपुर में युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, और राज्य सरकार उसी संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर विकास कार्यों में जुटी हुई है।

कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -