खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नौ प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

नैनीताल – जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को व्यापक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा अजब सिंह रावत के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित नौ खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से सूजी, साबूदाना, ओट्स, सरसों का तेल, कोकोनट वाटर, स्प्राइट और थम्स अप कार्बोनेटेड पेय पदार्थ समेत सात विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़े के लिए उचित स्थान पर बंद कूड़ादान रखने के निर्देश दिए।

तीन कारोबारियों के खिलाफ वाद की स्वीकृति

अभियान के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल की ओर से तीन खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध विधिक वाद की स्वीकृति वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रदान की गई है।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों और विनियमों के अनुसार आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खां तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर मौजूद रहे।