
नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद की सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यक तैयारियां तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। मौसम अनुकूल होते ही इन सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने सभी संबंधित अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए तत्काल आगणन तैयार कर लिया जाए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया, गिट्टी, डामर सहित आवश्यक निर्माण सामग्री की व्यवस्था 15 सितंबर तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान ही सभी निर्माण खंड टेंडरिंग प्रक्रिया के साथ प्लांट, मशीनरी, पर्याप्त मैनपावर और बजट की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें, ताकि मौसम साफ होते ही सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण का अभियान चलाकर 15 अक्टूबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़कों को केवल गड्ढामुक्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से भी पूरी तरह दुरुस्त किया जाना जरूरी है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की स्पष्ट मंशा है कि निर्धारित समय सीमा तक प्रदेश की सड़कें सुचारू और सुरक्षित हों। ऐसे में सभी अभियंता अपने-अपने डिवीजन में अभी से तैयारियां पूरी कर लें, ताकि मौसम अनुकूल होते ही बिना किसी देरी के काम शुरू किया जा सके।

