अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रुद्रपुर में सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

ख़बर शेयर करे -

डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने दिलाई बाल विवाह उन्मूलन की शपथ, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

रुद्रपुर – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को डॉ. एपीजे सभागार में महिला सशक्तिकरण विषय पर जनपद स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी द्वारा जिलाधिकारी को पौधा भेंट कर स्वागत करते हुए किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए समाज और देश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं।

उन्होंने महिलाओं को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह देते हुए कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प, मेहनत और उत्साह के साथ कार्य करना जरूरी है। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं में समर्पण, धैर्य और नेतृत्व क्षमता स्वाभाविक रूप से होती है, जिसके कारण वे परिवार और कार्यक्षेत्र दोनों में अपनी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा रही हैं।

जिलाधिकारी ने जेंडर न्यूट्रैलिटी पर बल देते हुए कहा कि समाज में महिला और पुरुष को समान अवसर मिलना आवश्यक है। तभी एक संतुलित और विकसित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

See also  हल्द्वानी_नगर निगम पहुंचे दमुवाढूंगा के लोग - पढ़े ख़बर यह रही वजह

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्त्रियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार भी व्यक्त किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जो बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने सभी से अपील की कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और समाज को इस कुरीति से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मिश्रा, खंड विकास अधिकारी आतिया परवेज, अधिशासी अभियंता जल निगम सुनील जोशी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान तरुण शर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्त्रियां तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।


ख़बर शेयर करे -