
जसपुर – मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत से अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जा रहे उपचार, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और उपचार के दौरान सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की अधिक संख्या और भर्ती मरीजों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र के अपग्रेडेशन की आवश्यकता पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकों को मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर की जांच अथवा दवाएं लिखने से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
सप्ताह में एक दिन मिलेंगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं
सीएमओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से काशीपुर उप जिला चिकित्सालय से सप्ताह में एक दिन सर्जन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे। इससे स्थानीय मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएम गहलोत, मंजीत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

