जमरानी परियोजना का असर: हल्द्वानी के कई इलाकों में बिजली कटौती, विभाग ने जारी किया अलर्ट

ख़बर शेयर करे -

नहर पुनर्निर्माण कार्य के चलते बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति, उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

हल्द्वानी – शहर में संचालित जमरानी बाँध बहुउद्देश्यीय परियोजना के कार्यों का असर अब विद्युत आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। विद्युत विभाग ने जानकारी दी है कि नहर पुनर्निर्माण और सुरक्षा से जुड़े कार्यों के चलते हल्द्वानी के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति आंशिक और पूर्ण रूप से बाधित रह सकती है।

विद्युत नगरीय वितरण खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार नैनीताल रोड स्थित नहर किनारे पेड़ों के पातन (कटान) का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के दौरान हाईटेंशन (HT) और लो टेंशन (LT) लाइनों को अस्थायी रूप से बंद करना आवश्यक हो गया है, जिससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में 11 केवी विद्युत लाइनों के आसपास आ रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई भी की जा रही है। इस कदम का उद्देश्य भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और विद्युत आपूर्ति को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य पूरी तरह से जनसुरक्षा और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। हालांकि, इस दौरान उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

विद्युत विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार आवश्यक तैयारियां कर लें और कार्य में सहयोग करें, ताकि जल्द से जल्द सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।


ख़बर शेयर करे -
See also  सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई भावभीनी बिदाई