जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, हल्द्वानी में 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण

हल्द्वानी – भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 54 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, परिवार अनुसूची और विभिन्न जानकारियां एकत्र करने के तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ये ट्रेनर आगे नगर निगमों और तहसीलों में तैनात प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे।

कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी ने मुख्य संदर्भदाता के रूप में जानकारी दी, जबकि जनगणना मास्टर ट्रेनर यश ने प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को जनसंख्या गणना की तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया, ताकि निर्धारित समय में गणना का कार्य पूरा किया जा सके।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना

प्रशिक्षण में जनगणना के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी।

परिवारों से पूछे जाएंगे विभिन्न सवाल

प्रशिक्षण के दौरान परिवार अनुसूची के माध्यम से जुटाई जाने वाली जानकारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति एवं जनजाति संबंधी विवरण शामिल हैं।

इसके अलावा माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षणिक योग्यता और रोजगार से संबंधित विवरण भी शामिल होंगे। आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, कार्यस्थल तक आवागमन, जन्म स्थान, पूर्व निवास, स्थान परिवर्तन के कारण और अवधि तथा स्थायी निवास से जुड़ी जानकारी भी एकत्र की जाएगी।

परिवार अनुसूची में निर्धारित अन्य बिंदुओं के तहत जीवित बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की संख्या और उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर व पहचान दस्तावेजों से संबंधित विवरण भी पूछे जा सकते हैं। पहचान दस्तावेजों की जानकारी स्वैच्छिक अथवा उपलब्धता के आधार पर होगी।

प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर

तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया और तकनीकी बारीकियों से परिचित कराना रहा, ताकि आगे प्रगणकों को सही तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके और गणना का कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो।

इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने भी प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आगामी चरण में प्रगणकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।