
बुलंदशहर – बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव धरारी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े के बीच मिथुन सोलंकी नाम के युवक ने कथित तौर पर खुद को तमंचे से गोली मार ली। पूरी घटना मौके पर मौजूद कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पहले परिवार के लोगों से बहस करता है और उन्हें धमकाता है। माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण होता जाता है और अचानक वह तमंचा निकालकर अपनी ही टांग में गोली चला देता है। गोली की आवाज के साथ ही मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद पैसे को लेकर था। यह भी आरोप सामने आ रहा है कि युवक ने अपने ही भाई को झूठे मामले में फंसाने के इरादे से यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सच्चाई भी परखी जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि क्या पारिवारिक रिश्तों के विवाद अब इस हद तक बढ़ चुके हैं कि लोग साजिश और हिंसा का सहारा लेने लगे हैं।

