Haldwani:-“दुकानें खुली रहेंगी, विरोध जारी रहेगा” — ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ मेडिकल स्टोर संचालकों का ऐलान

ख़बर शेयर करे -

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में उतरे हल्द्वानी के दवा व्यापारी, 20 मई को काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रदर्शन

हल्द्वानी – ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सोमवार को शहर के रिटेल दवा व्यापारियों द्वारा बीकानेर रेस्टोरेंट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सभा में हल्द्वानी क्षेत्र के बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर संचालकों एवं दवा व्यापारियों ने भाग लेते हुए केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। व्यापारियों का आरोप था कि ऑनलाइन बिकने वाली दवाओं की गुणवत्ता संदेह के दायरे में रहती है तथा दवा वितरण के दौरान निर्धारित नियमों और मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि बिना उचित निगरानी के दवाओं की आपूर्ति आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।

दवा व्यापारियों ने यह भी कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे पारंपरिक दवा कारोबार संकट की स्थिति में पहुंच गया है।

सभा में जानकारी दी गई कि खाद्य, औषधि एवं प्रसाधन विभाग की ओर से 15 मई 2026 को दवा संगठन को एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें ड्रग कंट्रोलर द्वारा 20 मई 2026 को प्रस्तावित बंद के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।

पत्र में जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं के तहत मेडिकल स्टोर बंद न किए जाने तथा ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध अन्य माध्यमों से करने की बात कही गई है।

See also  कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों का सम्मान, रुद्रपुर में मनाया गया शौर्य दिवस

इस संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद हल्द्वानी के सभी रिटेल दवा व्यापारियों ने 20 मई को मेडिकल स्टोर खुले रखने का निर्णय लिया। साथ ही ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सभी व्यापारी अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे तथा अपने प्रतिष्ठानों पर काले झंडे एवं काली पट्टियां लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे।


ख़बर शेयर करे -