
बाजपुर – अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बाजपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब बरामद की और भारी मात्रा में लहन नष्ट किया।
माननीय आबकारी आयुक्त के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त एन.आर. जोशी के निर्देशन में अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर के अंतर्गत मडैय्याहट्टू, बरहैनी और बेरिया दौलत क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने मडैय्याहट्टू क्षेत्र से लगभग 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही मौके पर करीब 3000 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया।
मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत एक अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव और रेनुका बोरा शामिल रहीं।
