बारिश के बीच बाबा के दरबार में आस्था का महासंगम, कैंची धाम में उमड़ी लाखों की भीड़

बारिश के बीच उमड़ा आस्था का महासागर: कैंची धाम में 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम के स्थापना दिवस मेला-2026 के अवसर पर रविवार को आस्था का अद्भुत और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा और विश्वास को डिगा नहीं सकी। सुबह 5 बजे से सायं आरती तक देश-विदेश से पहुंचे एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली महाराज के पावन दरबार में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूरे दिन कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर रहा और देर शाम तक बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे, जिसके चलते पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। शटल सेवा, चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था और सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को बिना किसी बड़ी परेशानी के बाबा के दर्शन कराए गए। भारी भीड़ के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं और असहाय श्रद्धालुओं की लगातार सहायता की। बारिश में भीगते हुए भी पुलिस जवान, प्रशासनिक अधिकारी और सेवादार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे दिन डटे रहे।

वहीं एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में स्थापित कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की गई। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई, जिससे किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था बेहद सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रही। श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा के इस अनूठे संगम ने कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 को यादगार बना दिया।

बारिश की फुहारों के बीच उमड़ी आस्था की यह विराट भीड़ एक बार फिर साबित कर गई कि बाबा नीम करौली महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था हर परिस्थिति से कहीं अधिक मजबूत है।