कैंची धाम स्थापना दिवस पर पत्रकारों की सराहनीय पहल, पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – बाबा नीब करौरी महाराज की पावन तपोस्थली कैंची धाम के स्थापना दिवस के अवसर पर लालकुआं के पत्रकारों ने समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

नगर के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने पीपल मंदिर के समीप फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण कर क्षेत्रवासियों को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शीतल पेय और प्रसाद भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पत्रकारों ने क्षेत्रवासियों से लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने में सहयोग देने की अपील की।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने पत्रकारों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया तथा पत्रकारों द्वारा किए गए इस सामाजिक कार्य की प्रशंसा की।

इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, युवा नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी,

पूर्व चेयरमैन पवन चौहान, वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, प्रेस क्लब अध्यक्ष बी.सी. भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

See also  एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 15,650 लीटर प्रतिबंधित केमिकल बरामद, अवैध गोदाम सील

आयोजक एवं एनजेयूआई अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित होकर समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे। पौधों के वितरण, शीतल पेय एवं प्रसाद सेवा के साथ संपन्न इस आयोजन की क्षेत्रवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।


ख़बर शेयर करे -