ताले तोड़कर उड़ाते थे लाखों की नकदी, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी/लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2.28 लाख से अधिक की नकदी, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 24 मई, 9 जून तथा 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सघन सुरागरसी एवं पतारसी की। इसके आधार पर 26 जून 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की चार, मुखानी थाना क्षेत्र की दो तथा काठगोदाम थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इन घटनाओं में दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी करने के साथ ही एक मोटरसाइकिल चोरी की वारदात भी शामिल है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल ₹2,28,200 की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK04L-3095 तथा चोरी की रकम से खरीदा गया करीब ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।

See also  उत्तराखंड की खूबसूरती:-धरती पर स्वर्ग का एहसास

गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा (34 वर्ष) निवासी दीना डी क्लास, हल्दूचौड़, कोतवाली लालकुआं एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर (22 वर्ष) निवासी फॉरेस्ट कंपाउंड, बजरी कंपनी, लालकुआं के खिलाफ भी 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक प्रमोद कुमार आर्या रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करता था और गल्लों में रखी नकदी चोरी कर लेता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।

इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल कुबेर सिंह, कांस्टेबल मनीष शर्मा तथा कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे।


ख़बर शेयर करे -