
दिल्ली रिश्तेदारी में गया था परिवार, पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान
लालकुआं – कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आंबेडकर नगर वार्ड नंबर एक में सोमवार देर रात एक बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान जताया है। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आंबेडकर नगर वार्ड नंबर एक निवासी राजेश उर्फ बल्ले अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली स्थित रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से उनके बंद मकान में अचानक आग लग गई।
बताया गया कि देर रात मकान की खिड़कियों और छत से घना धुआं उठता तथा टाइल्स टूटने की आवाज सुनाई देने पर आसपास मौजूद राजेश के भाइयों शंभू और हरीश को घटना की जानकारी हुई। धुआं और आग की लपटें देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
इसके बाद दोनों भाइयों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया और स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत और घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
अग्निकांड में घर में रखा फ्रिज, कूलर, पंखे, कीमती कपड़े, बिस्तर, बर्तन तथा अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार आग से करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना फोन के माध्यम से दिल्ली में मौजूद गृहस्वामी राजेश उर्फ बल्ले को दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही परिवार सदमे में आ गया और मंगलवार सुबह वापस घर पहुंचा। घर पहुंचकर जले हुए सामान और उजड़े आशियाने को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में दुख और चिंता का माहौल बना हुआ है।

