पहाड़ से मैदान तक मूसलाधार बारिश का असर,दो दर्जन ग्रामीण सड़कें हुईं बंद

नैनीताल – उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। भारी वर्षा के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर मलबा आने से करीब दो दर्जन सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर संवेदनशील स्थानों पर जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों एवं सड़क निर्माण एजेंसियों को बंद पड़े मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही वर्षा के मद्देनजर प्रशासन सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था पर पूरी सतर्कता बनाए हुए है।

जिलाधिकारी के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय करते हुए सभी चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। नदी-नालों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन के अनुसार जिले में करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद हैं। इन्हें खोलने के लिए विभिन्न स्थानों पर जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश की स्थिति सामान्य होते ही बंद सड़कों को खोलने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन जल्द बहाल किया जा सके।

See also  हल्द्वानी_23वीं प्रादेशिक पुलिस तैराकी व क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता की नैनीताल पुलिस ने की मेजबानी

लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी ने नदी, नालों, जल स्रोतों और तेज बहाव वाली बरसाती नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा है।

प्रशासन ने लोगों को कॉज-वे और बरसाती नालों को पार करने अथवा उनके आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की अपील की गई है।

जिले में आने वाले पर्यटकों और यात्रियों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं और वर्षा से उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, बंद सड़कों को खोलने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।