लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग महिला से लूट, पुलिस ने दो शातिर दबोचे

भीमताल – कोतवाली भीमताल क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने उनके सोने के टॉप्स लूटकर फरार हुए दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, गांव भौर्सा निवासी भुवन चन्द्र पलड़िया, पूर्व ग्राम प्रधान, ने कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया था कि उनके गांव में रहने वाली करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ 19 अगस्त 2026 को अज्ञात बाइक सवारों ने लिफ्ट देने के बहाने सोने के कुंडल/टॉप्स लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले में कोतवाली भीमताल में एफआईआर संख्या 38/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी क्राइम/नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही हल्द्वानी क्षेत्र में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को दोनों अभियुक्तों को शक्तिफार्म, सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत दास (27 वर्ष) निवासी जेल कैम्प नंबर-2, शक्तिफार्म तथा कुन्दन विश्वास (22 वर्ष) निवासी आजाद वार्ड नंबर-1, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।

See also  लिफ्ट के नाम पर वारदात, कार में दुष्कर्म का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार - पढ़े पूरी ख़बर

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पीली धातु का टॉप्स तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK06BJ6150 बरामद की है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र राज सिंह, कांस्टेबल मनोज पंत, नरेश परिहार और प्रकाश चन्द्र शामिल रहे।