
चम्पावत – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को चम्पावत जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का संकल्प लिया।
गोरलचौड़ स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने दीप जलाए। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिले में व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा गया। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरों तक लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। ग्राम पंचायतों में भी सेवा संकल्प दिवस मनाया गया और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के तहत शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, मानेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर और नागार्जुन पार्क समेत जिले के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इस दौरान लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया। प्रशासनिक कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक एक माह के लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों को भी अभियान से जोड़ा गया है।
प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़कर जनसहभागिता के माध्यम से सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों को आगे बढ़ाना है। आने वाले एक माह में विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट समेत स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

