दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट के निधन से सहकारी क्षेत्र में शोक

लालकुआं – नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से दुग्ध संघ समेत सहकारी एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही नैनीताल दुग्ध संघ के प्रबंध कमेटी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

किशन सिंह बिष्ट नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य के रूप में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा वह धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान तथा एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। ग्रामीण विकास, दुग्ध व्यवसाय और पशुपालन को बढ़ावा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पर्वतीय क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के कारण किशन सिंह बिष्ट को ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने पहाड़ में कीवी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ ही किसानों एवं पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय और पशुपालन से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया। सहकारी एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही।

नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का निधन दुग्ध संघ एवं सहकारी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन के चलते तीन दिनों तक बैठक, बोनस वितरण सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत किशन सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।