
हल्द्वानी – राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज पंत एवं जिला महामंत्री रोहित भट्ट ने बुधवार को हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने विधायक से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
विधायक सुमित हृदयेश ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
विधायक ने विश्वास जताया कि इंटक के नवनियुक्त पदाधिकारी श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज पंत एवं जिला महामंत्री रोहित भट्ट ने विधायक सुमित हृदयेश का आभार जताते हुए कहा कि श्रमिकों की आवाज को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक श्रमिक तक संगठन की पहुंच बनाने के साथ इंटक को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर दीप चंद्र पाठक, विनय अग्रवाल, हिमांशु जोशी, हरभजन भुल्लर, रवि बिष्ट, रोहित मिश्रा, गिरीश पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

