
हल्द्वानी – छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस टीमों द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कॉलेज परिसरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों, होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस की नजर है।
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था और हुड़दंग को रोकने के लिए राजपत्रित अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल सहित थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग कर रहे हैं।
पुलिस टीमों ने लिंगदोह नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर, बैनर तथा अन्य चुनाव प्रचार सामग्री को हटवाया। इसके अलावा कॉलेज परिसरों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कॉलेजों के आसपास की दुकानों को बंद रखने की अपील की गई है। वहीं होटल, ढाबों और ठेलों पर भी लगातार चेकिंग की जा रही है। सड़कों के किनारे खड़े वाहनों और अनावश्यक भीड़ को भी अनाउंसमेंट के जरिए हटाया जा रहा है, ताकि चुनाव के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी छात्र संगठनों, प्रत्याशियों और आम लोगों से चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

