हल्द्वानी_नाबालिग से दरिंदगी के आरोप में चार गिरफ्तार,SSP नैनीताल के निर्देश पर छह घंटे में पुलिस का एक्शन

एसएसपी नैनीताल डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देश में पुलिस ने 6 घंटे में चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

शहर में चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं चारों आरोपी, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी – नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद चार आरोपियों को महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शहर में चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, बीती देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी पहुंचकर तहरीर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और कोतवाली मुखानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी ITI गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूरे मामले में एसएसपी स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।

बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।