वार्ड 6 में स्वच्छता का पाठ, 100 परिवारों को सिखाया कचरा अलग करने का तरीका

हल्द्वानी – स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के 19वें दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से वार्ड संख्या 6 में स्रोत पर कचरा पृथक्करण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों में पांच विशेष जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें करीब 100 परिवारों के लोगों ने सहभागिता की।

अभियान नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यशालाओं में लोगों को बताया गया कि बेहतर कचरा प्रबंधन की शुरुआत घर से ही होती है। यदि कचरे को उसके स्रोत यानी घर पर ही सही तरीके से अलग कर दिया जाए तो उसके पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण, कम्पोस्टिंग और उचित निस्तारण को प्रभावी बनाया जा सकता है।

चार श्रेणियों में कचरा अलग रखने की दी जानकारी

कार्यशालाओं के दौरान नागरिकों को कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि रसोई से निकलने वाला बचा भोजन, फल-सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक कचरे को अलग एकत्र कर कम्पोस्टिंग में उपयोग किया जा सकता है।

इसी तरह कागज, कार्डबोर्ड, प्लास्टिक, धातु, कांच और अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग रखने तथा अधिकृत संग्रहण एवं रिसाइक्लिंग व्यवस्था को देने के लिए प्रेरित किया गया।

डायपर, सैनिटरी पैड, इस्तेमाल किए गए टिश्यू और इस तरह के अन्य कचरे को सुरक्षित रूप से पैक कर सामान्य कचरे से अलग रखने की जानकारी भी दी गई। वहीं बैटरी, बल्ब, ट्यूबलाइट, ई-वेस्ट और घरेलू स्तर पर निकलने वाली विशेष प्रकृति की सामग्री को सामान्य कचरे में नहीं मिलाने के लिए जागरूक किया गया।

घर से शुरू हो बदलाव

अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि केवल नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था पर निर्भर रहने के बजाय प्रत्येक परिवार को घर से ही कचरे को अलग रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी। घर से अलग किया गया कचरा उसी पृथक्करण के साथ नगर निगम की संग्रहण व्यवस्था को सौंपने पर ही स्रोत पर कचरा पृथक्करण की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

वार्ड में आयोजित पांचों कार्यशालाओं के माध्यम से करीब 100 परिवारों से सीधे संवाद किया गया। इस दौरान नागरिकों की समस्याएं और सवाल सुने गए तथा उन्हें कचरे को अलग करने और नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को सही तरीके से कचरा देने की प्रक्रिया समझाई गई।

बैंणी सेना ने घर-घर पहुंचाया स्वच्छता का संदेश

अभियान में बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी के नेतृत्व में वार्ड 6 की बैंणी सेना की पूरी टीम ने सक्रिय भागीदारी की। टीम ने घर-घर संपर्क कर लोगों को चार श्रेणियों में कचरा अलग रखने, कचरा संग्रहण वाहन को निर्धारित तरीके से कचरा देने और स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला गंगा समिति, नैनीताल के प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष तिवारी ने भी अभियान में सहभागिता की। उन्होंने नागरिकों को कचरा नदियों और जलस्रोतों में नहीं डालने तथा कचरे के उचित प्रबंधन के माध्यम से जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के महत्व के बारे में जानकारी दी।

व्यवहार परिवर्तन पर जोर

अभियान में बैंणी सेना प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, एसबीएम टीम के मनीष पांडे और रोहित कश्यप, पीएमयू के पंकज द्विवेदी, जिला गंगा समिति के प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष तिवारी तथा वार्ड 6 की बैंणी सेना की टीम ने सहभागिता की।

अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। घर से निकलने वाले कचरे को चार श्रेणियों में अलग रखने से कचरे के पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण, कम्पोस्टिंग और उचित निस्तारण को बेहतर बनाया जा सकता है।

नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे स्रोत पर कचरा पृथक्करण को अपनी दैनिक आदत बनाएं, कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

**कचरा जहां पैदा हो, वहीं अलग हो।

चार श्रेणियां अपनाएं, स्वच्छ हल्द्वानी बनाएं।**

स्वच्छ हल्द्वानी | स्वस्थ हल्द्वानी | जिम्मेदार हल्द्वानी