28 साल बाद हिमालय में खिला देव रिंगाल, तीन जिलों के जंगलों में दिखा दुर्लभ सामूहिक पुष्पन

हल्द्वानी – हिमालय की वादियों में करीब 28 साल के लंबे अंतराल के बाद दुर्लभ हिमालयी बांस प्रजाति देव रिंगाल में सामूहिक पुष्पन दर्ज किया गया है। मई से जुलाई 2026 के बीच पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर के जंगलों में इसके फूल खिले। इस प्राकृतिक घटना का सबसे व्यापक प्रभाव पिथौरागढ़ जिले में देखने को मिला। वैज्ञानिकों के अनुसार देव रिंगाल में सामान्यतः 28 से 33 वर्ष के अंतराल पर सामूहिक पुष्पन होता है। पुष्पन और बीज बनने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके झुरमुट सूखकर नष्ट हो जाते हैं।

उत्तराखंड फॉरेस्ट रिसर्च विंग, हल्द्वानी के वैज्ञानिक मनोज सिंह और वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून के एचबी नैथानी ने इस दुर्लभ प्राकृतिक घटना का अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने मई से जुलाई 2026 के बीच विभिन्न क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर पुष्पन की स्थिति दर्ज की। शोध के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में सबसे अधिक व्यापक स्तर पर देव रिंगाल में फूल खिले।

पिथौरागढ़ के कई क्षेत्रों में दिखा पुष्पन

पिथौरागढ़ में बुगड्यार-मिलम मार्ग के बलबाधार-बोगड्यार क्षेत्र में करीब 2600 मीटर की ऊंचाई पर देव रिंगाल में पुष्पन दर्ज किया गया। इसके अलावा गोगिना, झूनी, लाहुर, वाचम, खाती, सुंदरढूंगा, डुमलिंग, गंधर और रतापानी सहित कई क्षेत्रों में भी इसके फूल दिखाई दिए। वहीं अल्मोड़ा के कलिका वन क्षेत्र और रानीखेत के साथ ही बागेश्वर जिले के कपकोट, सूपी और धाकुड़ी क्षेत्र में भी सामूहिक पुष्पन की पुष्टि हुई।

कुमाऊं में अगली बार 2044 से 2049 के बीच संभावना

शोधकर्ताओं ने पुष्पन चक्र के आधार पर अनुमान जताया है कि गढ़वाल क्षेत्र में देव रिंगाल का अगला सामूहिक पुष्पन वर्ष 2031 से 2033 के बीच हो सकता है, जबकि कुमाऊं क्षेत्र में इसके लिए 2044 से 2049 तक इंतजार करना पड़ सकता है।

पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा है देव रिंगाल

देव रिंगाल केवल वनस्पति ही नहीं, बल्कि पहाड़ की संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे टोकरी, सूपा, अनाज रखने के पात्र, पंखे और धार्मिक उपयोग की वस्तुएं बनाई जाती हैं। नंदा देवी राजजात यात्रा में इस्तेमाल होने वाली छंतोली के निर्माण में भी इसका उपयोग होता है। बदरीनाथ मंदिर में पंचामृत प्रसाद के लिए स्थानीय बांस की टोकरी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके कोमल प्ररोह खाने योग्य होते हैं और पशुओं के चारे के रूप में भी इनका उपयोग किया जाता है।

झुरमुट सूखने के बाद नए पौधों का पुनर्जनन चुनौती

वैज्ञानिकों के अनुसार सामूहिक पुष्पन के बाद देव रिंगाल के झुरमुट सूखने से वन क्षेत्र में खालीपन पैदा हो सकता है। हालांकि बीजों के माध्यम से नए पौधों का पुनर्जनन भी होता है। यह प्रक्रिया बीजों की गुणवत्ता, जलवायु परिस्थितियों और चराई के दबाव पर निर्भर करती है। ऐसे में बीजों का संरक्षण, नए पौधों के विकास की निगरानी और पुष्पन चक्र का नियमित रिकॉर्ड तैयार करना जरूरी है।

शोध के दौरान एकत्र किए गए फूलों, पत्तियों और तनों के नमूनों को भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, देहरादून के हर्बेरियम में सुरक्षित रखा गया है। इससे भविष्य में इस प्रजाति की वैज्ञानिक पहचान और विस्तृत अध्ययन में मदद मिलेगी।

— मनोज सिंह, वैज्ञानिक, उत्तराखंड फॉरेस्ट रिसर्च विंग, हल्द्वानी