लोकथात महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री धामी की दो बड़ी घोषणाएं, बिंदुखत्ता को मिलेगा सांस्कृतिक केंद्र

बिंदुखत्ता (लालकुआं) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले भव्य सांस्कृतिक हॉल का निर्माण कराने तथा स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित अन्य कार्यों को पूरा कराने की घोषणा की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिंदुखत्ता को बधाई देते हुए कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक सरोकारों, पहाड़ की महिलाओं के संघर्ष और युवाओं की पीड़ा का जीवंत चित्रण मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे। प्रहलाद दा ने अपने गीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की भी सराहना की, जो उनकी स्मृतियों और लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

लोक यानी जनता और थात यानी हमारी विरासत

मुख्यमंत्री ने लोकथात महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ हमारी विरासत एवं धरोहर है। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उत्तराखंड की असली पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां की संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन बेहद आवश्यक हैं।

विकास के साथ विरासत संरक्षण पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। एक ओर प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा विभिन्न अभियानों के माध्यम से अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

लालकुआं विधानसभा में विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता में लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। इसके अलावा गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा चालित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की दिशा में कार्रवाई का भरोसा

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की महत्वपूर्ण अपेक्षा है। राज्य सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद स्थापित किया गया है। उन्होंने वनाधिकार समिति, बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान में विश्वास रखती है। उन्होंने संकल्प जताया कि लालकुआं विधानसभा सहित प्रदेश का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।