सरस मेले में स्वरोजगार की राह दिखाई, उद्योग विभाग ने बताईं उद्यमियों के लिए सरकारी योजनाएं

हल्द्वानी – राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र की ओर से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर हाथ को काम और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है। इसी उद्देश्य से उद्योग विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) नीति की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत नए उद्योग स्थापित करने पर पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान और स्टांप शुल्क में छूट सहित कई सुविधाएं दी जाती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने वाले लोगों के लिए विशेष प्रोत्साहन का भी प्रावधान है।

उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के बारे में बताया कि इस योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए बैंक ऋण के साथ 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये तक और सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर अनुदान एवं ब्याज अनुदान का प्रावधान है।

महाप्रबंधक ने उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक अनुमतियां, लाइसेंस और एनओसी एक ही पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं। इससे उद्यमियों के समय और धन की बचत होती है। वहीं, उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत नए विचारों के साथ काम करने वाले युवाओं को मासिक भत्ता, प्रोटोटाइप अनुदान, पेटेंट और मार्केटिंग सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में उन्होंने बताया कि पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को इस योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट सहायता, कम ब्याज पर ऋण और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रावधान है। उन्होंने मेले में पहुंचे कारीगरों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और युवाओं ने योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पल्लवी गुप्ता ने सरल भाषा में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इच्छुक लोग जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी पहुंचकर योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

हस्तशिल्प और लघु उद्योग क्षेत्र के उद्यमी सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान जूट शिल्प विकास एवं संवर्धन के अंतर्गत तैयार बैग, दर्पण, कटोरी और पुष्प सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही हस्तशिल्प और लघु उद्योग क्षेत्र में चयनित उद्यमियों को सम्मानित किया गया। दृश्य कला एवं चित्रकारी के क्षेत्र में कुसुम पांडे ने प्रथम और राखी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लघु उद्योग श्रेणी में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट प्रथम तथा आगेनिकीम द्वितीय स्थान पर रहा। चयनित उद्यमियों और संस्थाओं को दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता को कुमाऊंनी ऐपण पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायत सदस्य छवि कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।