
देहरादून – नैनीताल जिले की प्रमुख प्राकृतिक धरोहर भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर शासन स्तर पर पहल तेज हो गई है। झील की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की ओर से 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर कराए गए इस सर्वेक्षण के जरिए झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का तकनीकी अध्ययन किया गया है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल झील का संरक्षण और उसकी प्राकृतिक स्थिति को बेहतर बनाए रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर झील में जमा गाद की मात्रा, जल संग्रहण क्षमता और ड्रेजिंग की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की तकनीकी रिपोर्ट के अनुरूप पुनर्जीवन से संबंधित कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
सर्वेक्षण का जिम्मा रुड़की की मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज को सौंपा गया था। एजेंसी ने आधुनिक उपकरणों की मदद से झील के विभिन्न हिस्सों का विस्तृत सर्वेक्षण किया। इसके लिए मोटर बोट पर इकोसाउंडर उपकरण स्थापित कर पानी की गहराई मापी गई, जबकि झील की परिधि पर DGPS तकनीक के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। उपकरणों की तकनीकी सेटिंग, जलस्तर और आवश्यक डेप्थ करेक्शन के साथ आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सावधानियां बरती गईं। झील में लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। इसके अलावा क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाहरी सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।
सर्वे रिपोर्ट से सामने आएगी झील की वास्तविक स्थिति
सर्वेक्षण के आधार पर झील का बैथिमेट्रिक कंटूर मैप, डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल और डिजिटल बेड सरफेस तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही झील की कुल जल भंडारण क्षमता, तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का भी आकलन किया जाएगा। तकनीकी रिपोर्ट में 3D डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर CAD क्रॉस-सेक्शन और एरिया-कैपेसिटी कर्व जैसे महत्वपूर्ण आंकड़े शामिल होंगे।
इन आंकड़ों से यह स्पष्ट हो सकेगा कि झील के किस हिस्से में कितनी गाद जमा है और वर्तमान में उसकी जल संग्रहण क्षमता कितनी रह गई है। इससे गाद निकासी की जरूरत और उसकी तकनीकी व्यवहार्यता निर्धारित करने में भी मदद मिलेगी।
वैज्ञानिक आधार पर तय होंगे संरक्षण के उपाय
SARRA की यह पहल भीमताल झील के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सर्वेक्षण की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद विशेषज्ञों द्वारा उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर झील के पुनर्जीवन, जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन और ड्रेजिंग से जुड़े विकल्पों पर विचार किया जाएगा।
इस पहल से न केवल झील की वर्तमान स्थिति का वैज्ञानिक दस्तावेज तैयार होगा, बल्कि भविष्य में संरक्षण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। झील का बेहतर प्रबंधन स्थानीय पर्यावरण, प्राकृतिक जल संसाधनों और पर्यटन गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

