नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, पांच महिलाएं गिरफ्तार

रामनगर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने ग्राम थारी में कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.120 किलोग्राम गांजा, 16.62 ग्राम स्मैक और नशे के कारोबार से अर्जित 3 लाख 54 हजार 200 रुपये बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम थारी के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पासो कौर के घर से गांजा बरामद किया गया, जबकि सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से भी गांजा मिला। पुलिस के मुताबिक, इन स्थानों से कुल 16.120 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

वहीं, पुलिस ने मनप्रीत कौर के कब्जे से 12.25 ग्राम और राधा के पास से 2.33 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा मनप्रीत कौर के पास से 3 लाख 35 हजार रुपये तथा राधा के कब्जे से 19 हजार 200 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नकदी को नशे के कारोबार से अर्जित धनराशि बताया है।

कोतवाल ने बताया कि पांचों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं aमें मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।