सरस मेले में विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने गीतों से बांधा समां, नीरज उप्रेती की गायकी पर झूमे दर्शक

हल्द्वानी – राष्ट्रीय सरस मेले के दूसरे दिन लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की।

विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की बिक्री, विपणन और ब्रांडिंग के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। इसके माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आमजन से मेले में पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने से महिला उद्यमियों की आजीविका मजबूत होगी और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड की संस्कृति और मातृभूमि के प्रति समर्पण को दर्शाते हुए गीत ‘उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

वहीं, सरस मेला स्टार नाइट में सारेगामापा फेम लोक गायक नीरज उप्रेती ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं’ जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी पर दर्शक झूमते नजर आए।

प्रसिद्ध बांसुरी वादक मोहन जोशी ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में संगीत की छटा बिखेरी। उन्होंने बांसुरी पर लोकप्रिय गीत ‘कैले बाजे मुरली’ की धुन सुनाकर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, उत्तराखंड योग एवं सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष एवं योगाचार्य डॉ. हेमंत जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, 26 नवंबर को सरस मेले की स्टार नाइट में लोकवाणी एसोसिएट की माया उपाध्याय, कमलजीत बैंड और पंकज नेगी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।