
हल्द्वानी (नैनीताल) – ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ की हल्द्वानी इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल अरुण यदुवंशी से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
शिष्टाचार भेंट के दौरान पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल, आपसी समन्वय तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस और पत्रकारिता दोनों ही समाज के प्रति अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में दोनों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग बेहद जरूरी है।
संघ के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि एसएसपी अरुण यदुवंशी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा जनहित से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के जिला अध्यक्ष पंकज सक्सेना, जिला महामंत्री मुकेश सक्सेना, नगर अध्यक्ष रेहान खान, जिला मीडिया प्रभारी नाजिम अहमद, नगर मंत्री अतुल अग्रवाल सहित संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अंत में संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवागत एसएसपी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

