विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट से मतदान का तरीका समझेंगे मतदाता

हल्द्वानी – आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को जागरूक करने की कवायद तेज कर दी है। जनपद नैनीताल में ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से आम नागरिकों को परिचित कराने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम के संचालन, मतदान की प्रक्रिया और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की जानकारी देना है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के तहत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम के लिए 75 बैलेट यूनिट (बीयू), 75 कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा 75 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला मुख्यालय से विधानसभा क्षेत्रों तक होंगे प्रदर्शन

मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट का व्यावहारिक अनुभव कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक मशीनों के संचालन को समझने के साथ मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अतिरिक्त जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) तैनात की गई हैं। ये वैन विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की जानकारी देंगी तथा मतदान से जुड़ी शंकाओं का समाधान करेंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 18 नवंबर से यह जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों में भाग लेकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें तथा आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने में मतदाता जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।