देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच IAS और पांच PCS अधिकारियों सहित कुल 10 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा जिले के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदल दी गई हैं।
शासन के आदेश के अनुसार IAS अंशुल सिंह को अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं IAS दीप्ति सिंह को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक पद से हटाकर अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
ललित मोहन रयाल को शासन में मिली नई जिम्मेदारी
नैनीताल के वर्तमान जिलाधिकारी IAS ललित मोहन रयाल (2011 बैच) को जिलाधिकारी और जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, अपर सचिव ग्राम्य विकास तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तराखंड पलायन आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं IAS विनीत तोमर (2014 बैच), जो वर्तमान में कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक हैं, को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा IAS निधि यादव (2017 बैच) को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के पद से हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण, उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पांच PCS अधिकारियों के भी तबादले
शासन ने पांच PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है।
पुष्कर कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून से हटाकर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है।
धीरज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
केशव गुसाईं को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से स्थानांतरित कर अपर जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है।
सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा और नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा के दायित्वों से मुक्त कर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है।
सुभाष कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से हटाकर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
नैनीताल जिले में नए प्रशासनिक नेतृत्व की शुरुआत
शुक्रवार को जारी इस स्थानांतरण आदेश के बाद नैनीताल जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। अब IAS अंशुल सिंह जिले की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। जिले में विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान, पर्यटन व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नए जिलाधिकारी की प्राथमिकताओं पर सभी की निगाहें रहेंगी।
इस प्रशासनिक फेरबदल से नैनीताल और अल्मोड़ा के साथ-साथ देहरादून, हरिद्वार तथा शासन के विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।

