हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में आयोजित विदाई समारोह में स्थानांतरित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।
इस दौरान दोनों अधिकारियों के कार्यकाल, कार्यशैली और पुलिस विभाग में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
गौरतलब है कि एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर हुआ है, जबकि एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन और मानवीय संवेदनाओं की विशेष रूप से सराहना की गई। वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और यातायात प्रबंधन में उनके योगदान को भी याद किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस विभाग में किसी अधिकारी के लिए सबसे कठिन समय वह होता है, जब ड्यूटी के दौरान फोर्स का कोई सदस्य गंभीर संकट से गुजरता है। उन्होंने कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के सड़क हादसे में घायल होने और तीन दिनों तक आईसीयू में उपचाराधीन रहने का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन समय में पुलिस लाइन, हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने जिस तत्परता से सहयोग किया, रक्तदान किया और दिन-रात उपचार में मदद के लिए जुटे रहे, वह पुलिस परिवार की एकजुटता और आपसी विश्वास का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से पुष्कर रौतेला आज स्वस्थ हैं।
उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि नैनीताल जनपद में मिली जिम्मेदारियों को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर पूरा किया। टीम भावना और आपसी सहयोग से प्रत्येक जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाना संभव हुआ। उन्होंने कहा कि जीवन में अलग-अलग दायित्वों के साथ आगे बढ़ते रहना ही सफलता का हिस्सा है।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने लंबे सेवा अनुभव को साझा करते हुए विभिन्न अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख का उल्लेख किया। उन्होंने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कार्यों को केवल पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर संवाद, सही ब्रीफिंग और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न करना अधिक प्रभावी होता है।
उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अधीनस्थों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए और उन्हें विश्वास के साथ काम करने की स्वतंत्रता प्रदान की। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा और टीम के रूप में बेहतर परिणाम सामने आए।
समारोह में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। सभी ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ किए गए कार्यों और अनुभवों को याद किया।

