हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस की तत्परता और CCTV कंट्रोल रूम की सक्रियता से डहरिया क्षेत्र में खोया एक Samsung मोबाइल फोन कुछ ही घंटों में बरामद कर उसकी स्वामिनी को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर युवती आशा भट्ट ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और कांस्टेबल राजेश सिंह की विशेष रूप से सराहना की।
जानकारी के अनुसार, डहरिया क्षेत्र में आशा भट्ट का मोबाइल फोन कहीं खो गया था। इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिलने पर ड्यूटी में तैनात अपर उपनिरीक्षक जितेंद्र, अपर उपनिरीक्षक सलीम और कांस्टेबल राजेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिसकर्मियों ने संबंधित क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और उनकी मदद से खोए मोबाइल फोन का पता लगाया।
पुलिस टीम ने मोबाइल बरामद कर आशा भट्ट को सौंप दिया। फोन वापस मिलने पर उन्होंने बताया कि मोबाइल में उनका महत्वपूर्ण डाटा मौजूद था और परीक्षाएं भी नजदीक हैं। ऐसे में उसी दिन मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत की बात रही।
आशा भट्ट ने नैनीताल पुलिस, CCTV कंट्रोल रूम की पूरी टीम और विशेष रूप से कांस्टेबल राजेश सिंह को धन्यवाद देते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

