भवन निर्माण और लैंड यूज चेंज में छूट से आमजन को राहत, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा ने सीएम धामी का जताया आभार

भीमताल – प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्राधिकरण के भवन निर्माण नियमों में शिथिलीकरण और भू-उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) में एक चौथाई तक छूट दिए जाने के निर्णय पर आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उन्हें राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों और भू-उपयोग परिवर्तन से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को वह लगातार मुख्यमंत्री के समक्ष उठाती रही हैं। इन विषयों को कैबिनेट बैठक में रखे जाने के बाद जनहित में छूट देने का निर्णय लिया गया, जिससे संबंधित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। प्रदेश सरकार विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्णय ले रही है।

भावना मेहरा ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके मानदेय में बढ़ोतरी उनके परिश्रम, समर्पण और सेवाभाव के प्रति सरकार के सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए इसी तरह प्रयास जारी रखेगी।