
फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
हल्द्वानी – शहर के मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक जूता दुकान में मंगलवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग से प्रभावित दुकान सुमेर सिद्दीकी पुत्र मतीन सिद्दीकी की बताई जा रही है। आग की लपटों ने देखते ही देखते दुकान में रखे जूते, फर्नीचर तथा अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया।
फायर सर्विस कर्मियों ने सूझबूझ और मुस्तैदी का परिचय देते हुए आग को फैलने से रोक दिया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
वहीं, आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। फायर सर्विस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।

