केवीएम स्कूल में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – शहर के हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फायर एवं पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और आग को समय रहते काबू में कर आसपास की संपत्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम 7 बजकर 02 मिनट पर फायर स्टेशन हल्द्वानी को डायल-112 एवं सीसीआर के माध्यम से केवीएम स्कूल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल को मात्र एक मिनट के भीतर 7 बजकर 03 मिनट पर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।

मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन अधिकारियों ने आग की गंभीरता का आकलन किया। आग की तीव्रता को देखते हुए फायर स्टेशन हल्द्वानी से दो अतिरिक्त फायर टेंडरों को शाम 7 बजकर 10 मिनट पर घटनास्थल के लिए भेजा गया।

अग्निशमन कर्मियों ने समन्वित एवं साहसिक प्रयास करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे अन्य भवनों, वाहनों तथा आसपास की संपत्तियों तक फैलने से रोक दिया।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गई थीं। इसके अलावा भूतल पर स्थापित एक जनरेटर सेट भी आग से प्रभावित हुआ।

प्रथम दृष्टया आग लगने का संभावित कारण आसपास चल रहा वेल्डिंग कार्य माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

See also  हल्द्वानी_चौंफला चौराहे से ऊंचापुल चौराहे तक कोंग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी ने किया पैदल जनसंपर्क

फायर विभाग ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन दल की त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया तथा आसपास की संपत्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया।


ख़बर शेयर करे -