अघरिया गांव की सड़क का रास्ता साफ, पीएमजीएसवाई फेज-4 में मोटर मार्ग स्वीकृत

धारी – कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी विकासखंड के ग्रामसभा अघरिया पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा सहित क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों को अघरिया गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के अंतर्गत मोटर मार्ग को शामिल किया गया है, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। वन एवं पर्यावरण संबंधी अनुमति प्राप्त होने के बाद मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, कोऑपरेटिव बैंक निदेशक दीपा बिष्ट, प्रकाश चंद्र नानू, ग्राम प्रधान रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा, कमलेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पंकज कुमार, पंकज, प्रदीप कुमार, अजय कुमार, विनोद कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।