वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों पर रोक – पर्यटकों के लिए शटल सेवा की व्यवस्था

नैनीताल – वीकेंड पर श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 10 और 11 अक्टूबर 2026 के लिए यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित प्लान के तहत भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।

वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों पर रोक – पर्यटकों के लिए शटल सेवा की व्यवस्था

सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध

यातायात प्लान के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

अल्मोड़ा और पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए भीमताल के रास्ते आगे जाएंगे।

इसी प्रकार, हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी से डायवर्ट कर मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।

दो स्थानों पर पार्किंग, शटल सेवा से पहुंचेंगे श्रद्धालु

बाहरी जनपदों और राज्यों से निजी वाहनों के जरिए भीमताल मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं, गेठिया और नैनीताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा से कैंची धाम मंदिर पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे।

कैंची धाम और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने पर्यटकों, आमजन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।