
भीमताल/नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर पालिका परिषद को पांच नए कूड़ा वाहन सौंपे। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भीमताल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां की झीलें, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। ऐसे में नगर की स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने के साथ-साथ कूड़े का समय पर और व्यवस्थित निस्तारण भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से नगर पालिका परिषद भीमताल को पांच नए कूड़ा वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे कूड़ा संग्रहण और निस्तारण कार्य में तेजी आएगी तथा स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी नगर निकायों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कूड़ा वाहनों के साथ-साथ आधुनिक उपकरण और आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, नगर पालिका परिषद भीमताल की अध्यक्ष सीमा टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

