
हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जंगल में भटक गए एक मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमशुदा नंदा वल्लभ बेलवाल (38 वर्ष) पुत्र घनानंद बेलवाल निवासी पश्चिमी खेड़ा, गोलापार को कालीचौड़ मंदिर क्षेत्र के जंगल से सुरक्षित बरामद किया।
जानकारी के अनुसार नंदा वल्लभ बेलवाल, जो मानसिक रूप से कमजोर हैं, 5 जून की अपराह्न लगभग चार बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। बाद में उनके कालीचौड़ मंदिर क्षेत्र की ओर जाने की सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। लगातार तलाश और सघन खोजबीन के बाद पुलिस टीम ने कालीचौड़ मंदिर के जंगल क्षेत्र से नंदा वल्लभ बेलवाल को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने समय पर कार्रवाई करते हुए गुमशुदा व्यक्ति को सुरक्षित खोज निकालने तथा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने के लिए काठगोदाम पुलिस का आभार व्यक्त किया।

