उधम सिंह नगर में अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: तीन धार्मिक संरचनाएं तड़के ध्वस्त

ख़बर शेयर करे -

उधम सिंह नगर – जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के अभियान को तेज करते हुए गूलरभोज–दिनेशपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित तीन धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित भूमि पर कब्जा कर बनाए गए इन निर्माणों को लेकर करीब तीन माह पूर्व सर्वे किया गया था। इसके बाद संबंधित पक्षों को भूमि स्वामित्व और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

बताया गया कि ठंडा नाला क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणकारियों द्वारा न्यायालय की शरण ली गई थी, जहां से कुछ मामलों में स्थगन आदेश प्राप्त हुआ।

हालांकि, जिन धार्मिक संरचनाओं पर कार्रवाई की गई, उनके संबंध में कोई स्थगन आदेश प्रभावी नहीं था। इसी आधार पर सिंचाई विभाग ने जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उक्त निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के किए गए थे और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है तथा भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


ख़बर शेयर करे -

See also  भाजपा कार्यकर्ता ने ताड़ीखेत,सिलोर क्षेत्र व अमयारी क्षेत्र में घर - घर बांटे अक्षत.......