महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

ख़बर शेयर करे -

लालकुआँ – (संवाददाता जफर अंसारी) लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के गिरने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दिपेन्द्र कोश्यारी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे दोगला और महिला विरोधी करार दिया है।

अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में दिपेन्द्र कोश्यारी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल को जानबूझकर लटकाए रखा और अब इसके विरोध में वोट देकर महिलाओं के अधिकारों को छीनने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने बिल का विरोध कर देश की करोड़ों महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के सपने को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस रुख से उसका “महिला विरोधी चेहरा” पूरी तरह उजागर हो गया है, जिसका खामियाजा उसे आगामी समय में भुगतना पड़ेगा।

कोश्यारी ने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग—युवा, बुजुर्ग और महिलाओं—को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और कांग्रेस के कथित दोगलेपन को उजागर करेगी। साथ ही भाजपा युवा मोर्चा भी सड़क पर उतरकर कांग्रेस की नीतियों का विरोध करेगा।


ख़बर शेयर करे -
See also  लो जी हो गया फैसला रुद्रपुर नगर निगम की मेयर सीट हुई समान्य अब मचेगा घमसान