
हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी घटना, CCTV फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान
हल्द्वानी – हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रचकर उसका पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता, सुरागरसी-पतारसी और CCTV फुटेज के विश्लेषण के चलते संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी नैनीताल मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी के साथ CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने आरोपियों की पहचान करते हुए 25 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ बावा (24), निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर; मानव वाट (24), निवासी दोराहा, बाजपुर तथा गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन (25), निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम तथा बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ बाजपुर थाने में वर्ष 2022 का हत्या संबंधी मामला और वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा व धमकी का अभियोग दर्ज बताया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह (32), निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, बाजपुर को 24 अगस्त को एक अवैध 315 बोर तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन एवं संगठित अपराधों तथा आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

