त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, हल्द्वानी से रामनगर तक खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी/नैनीताल – आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर विभागीय टीमों ने हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों और विनिर्माण इकाइयों से नियमानुसार विधिक नमूने संकलित किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है।

जीरा पेय पदार्थ से लेकर अरहर दाल तक के नमूने

हल्द्वानी एवं कालाढूंगी क्षेत्र में विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल और अरहर दाल के नमूने लिए। कालाढूंगी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन विवेक राय भी मौजूद रहे।

रामनगर में आटा और गरम मसाले की जांच

रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आटा और गरम खड़ा मसाला के विधिक नमूने संकलित किए गए।

दूध, घी और वनस्पति भी जांच के दायरे में

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां वनस्पति, दूध और घी के नमूने लिए गए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर एवं रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी संकलित कर खाद्य विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं।

मिलावट मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई

सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

See also  उत्तराखंड में वनाग्नि का कहर, पहाड़ों में धधके जंगल, बढ़ी गर्मी और प्रदूषण की चिंता

उन्होंने आमजन से अपील की कि मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को तत्काल सूचना दें।

अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर सहित विभागीय टीम मौजूद रही।


ख़बर शेयर करे -