राशन कार्ड सत्यापन में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, दो दिन में 40 अपात्र बेनकाब

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान ने खाद्य सुरक्षा योजना में वर्षों से चल रहे बड़े खेल की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। प्रशासन की घर-घर जांच में ऐसे कई परिवार सरकारी राशन लेते पाए गए, जिनकी आय निर्धारित मानकों से कहीं अधिक है और परिवार के सदस्य निजी कंपनियों, फैक्ट्रियों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत हैं।

अभियान के दूसरे दिन 371 राशन कार्डों की जांच में 32 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए, जबकि दो दिनों में कुल 501 कार्डों के सत्यापन में अब तक 40 अपात्र लाभार्थियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर मंगलवार को बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान बंगाली कॉलोनी में 317 तथा शास्त्री नगर में 54 राशन कार्डों की जांच की गई। जांच में बंगाली कॉलोनी के 20 और शास्त्री नगर के 12 सफेद राशन कार्डधारक पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई लाभार्थियों के परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, निजी कंपनियों और विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद वे खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सरकारी राशन का लाभ उठा रहे थे। शुरुआती दो दिनों में ही बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों के सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ अपात्र कार्डधारकों की संख्या और बढ़ सकती है।

See also  शिक्षा, स्वास्थ्य, जन सुरक्षा और आपदा से जुड़े अहम मुद्दों को मानसून सत्र में जोरदार तरीके से उठाने से गदगद कांग्रेसियों ने किया विधायक सुमित का जोरदार स्वागत

बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद राशन कार्ड, 211 अंत्योदय कार्ड तथा 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। प्रशासन द्वारा सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी राशन लेने से वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों का हक प्रभावित हो रहा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

खुद कार्ड जमा करें, वरना होगी कार्रवाई

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं से मिली सूचना के अनुसार कई ऐसे परिवार, जो अब पात्रता की श्रेणी में नहीं आते, स्वेच्छा से अपने सफेद एवं पीले राशन कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की आय निर्धारित मानकों से अधिक हो चुकी है, वे स्वयं अपने कार्ड जमा कर दें। सत्यापन में अपात्र पाए जाने पर कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

एक माह तक चलेगा सत्यापन अभियान

उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि राशन कार्ड सत्यापन अभियान आगामी एक माह तक जारी रहेगा। इसके लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। अपात्र पाए जाने वाले राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे तथा पूरी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।


ख़बर शेयर करे -