
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी तोड़कर दो लाख रुपये चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश निवासी एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को गोलापार निवासी दीपक शर्मा ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि 20 मई को केएफसी के समीप खड़ी उनकी स्कूटी की डिग्गी तोड़कर अज्ञात व्यक्ति दो लाख रुपये चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, सीसीटीवी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमर सिंह पुत्र फूल सिंह निवासी ग्राम दुल्हापुर बनकट, थाना धानेपुर, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी राजेश कुमार के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। दोनों बैंक के बाहर निगरानी कर रहे थे। जैसे ही पीड़ित बैंक से नकदी लेकर निकला, दोनों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर स्कूटी की डिग्गी तोड़कर नकदी चोरी कर ली। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। उसका साथी 1.20 लाख रुपये लेकर फरार हो गया, जबकि उसके हिस्से में आए रुपये पारिवारिक जरूरतों में खर्च हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अमर सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी राजेश कुमार की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, अपर उपनिरीक्षक सूरज तथा कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।
