धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाला महाराष्ट्र का आरोपी गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – धर्म के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक भावनाएं भड़काकर समाज का माहौल बिगाड़ने और धमकी देने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई, हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले आपत्तिजनक शब्द कहे।

शिकायत के आधार पर थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 189/2026 धारा 351(3), 351(4) एवं 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के महाराष्ट्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस टीम ने महाराष्ट्र तक उसके मूवमेंट का पीछा किया और उसकी पहचान ट्रक चालक के रूप में की। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 196, 299 एवं 302 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

See also  21 सितंबर को होगी स्नातक स्तरीय परीक्षा, जनपद में 46 केंद्रों पर 18,196 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस टीम ने 23 जून 2026 को आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष) पुत्र नजर खान निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम, महाराष्ट्र को पंतनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी मंडी तथा कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक अथवा अन्य किसी विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।


ख़बर शेयर करे -