दीवार फांदकर महिला के कपड़े चुराने वाला विकृतकामी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से आरोपी तक पहुंची पुलिस

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले एक विकृत मानसिकता के युवक को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रात के अंधेरे में मकान की दीवार फांदकर परिसर में घुसा और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर ले गया था।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को दबोच लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे 24 जून 2026 को पंचायतघर रोड स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल के पास क्रिकेट मैदान से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, महेश नगर, नवाबी रोड निवासी एक महिला ने 23 जून 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके मकान की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 209/2026 धारा 305(ए) एवं 331(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ द्वारा की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए गए।

See also  ‘धरोहर 2026’ में बिखरी पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक छटा, हल्द्वानी बना कला और परंपरा का केंद्र

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष), पुत्र खीम सिंह बिष्ट, निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा, मुखानी के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।


ख़बर शेयर करे -