
रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को काशीपुर रोड स्थित एंबिएंस बैंक्वेट हॉल में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिला प्रभारी राकेश नैनवाल, सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुई, जिसके बाद प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
प्रथम सत्र “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” में वक्ताओं ने पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रवाद, अंत्योदय और संगठनात्मक मूल्यों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है, जिसकी कार्यप्रणाली पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है।
इसके बाद आयोजित “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषयक सत्र में पार्टी की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, संगठन विस्तार और विभिन्न जनआंदोलनों में भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यप्रणाली, विचारधारा और जनसंपर्क के विषय में व्यापक जानकारी प्रदान करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर योजनाओं और नीतियों की जानकारी पहुंचाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की कार्यपद्धति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण का लाभ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विषयों, सोशल मीडिया, जनसंपर्क, कार्यकर्ता विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
