भीषण गर्मी में वन्यजीवों के लिए राहत, टांडा रेंज में बनाए गए जलाशय बने जीवनदाता

ख़बर शेयर करे -

लालकुआँ – भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज में वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के लिए विशेष जल प्रबंधन अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों में जल संकट से जूझ रहे जंगली जानवरों को राहत देने के उद्देश्य से वन विभाग ने दो बड़े तालाबों का निर्माण कराया है, जो इन दिनों वन्यजीवों के लिए अमृत साबित हो रहे हैं।

वन विभाग द्वारा बनाए गए इन तालाबों में 200 फीट गहरे आर्टिजियन वेल यानी ‘पातालतोड़ कुएं’ स्थापित किए गए हैं, जिनसे लगातार स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा जंगल के विभिन्न हिस्सों में छोटे-छोटे गड्ढे बनाकर उनमें टैंकरों के माध्यम से पानी भरा जा रहा है, ताकि वन्यजीवों को गर्मी के मौसम में पानी की कमी का सामना न करना पड़े।

वन विभाग के अनुसार पहला तालाब साप पाटानी खत्ता क्षेत्र के पास जबकि दूसरा तालाब टांडा रेंज कार्यालय के समीप बनाया गया है। इन जलाशयों में हाथी, तेंदुआ, नीलगाय, हिरन और बारहसिंगा जैसे वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। सुबह से ही जानवर पानी पीने और उसमें नहाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

रविवार सुबह वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तालाबों और पोखरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां पानी की कमी पाई गई, वहां टैंकर और बोरिंग पंपिंग सेट के माध्यम से दोबारा जलभराव कराया गया।

वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि गर्मी के दिनों में पानी की तलाश में जंगली जानवर जंगल से बाहर निकल आते हैं, जिससे वन्यजीवों और आसपास के ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जंगल के भीतर स्थायी जल स्रोत विकसित किए गए हैं, ताकि वन्यजीवों को पर्याप्त मात्रा में पीने और नहाने का पानी उपलब्ध हो सके।

See also  संदिग्ध पेय सेवन से दो की मौत, एक की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीमें लगातार इन जलाशयों की निगरानी कर रही हैं तथा आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।


ख़बर शेयर करे -